मांड्या , मार्च 11 -- कर्नाटक के मांड्या जिले में मंदिर के पुजारी सिद्दलिंगप्पा (50) की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पुजारी सिद्दलिंगप्पा छह मार्च को लापता हो गए थे। बाद में उनका शव जिले के एक नहर में मिला। शुरुआती जांच में नहर के पास उनकी चप्पलें, खून के निशान, बिखरी धार्मिक सामग्री और उनकी मोटरसाइकिल मिलने से मामला संदिग्ध लगने लगा।

जांच के दौरान सामने आया कि पुजारी की पत्नी शालिनी (32) का कथित तौर पर ट्रक चालक एमसी हरीशा (33) के साथ अवैध संबंध था। पुलिस के मुताबिक, शालिनी ने हरीशा और उसके दो साथियों एम. आर. संतोष कुमार (29) और बी. आर. गणेश (29) के साथ मिलकर पुजारी की हत्या की साजिश रची।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने श्रीरंगपट्टनम क्षेत्र में सीडीएस नहर के किनारे सिद्दलिंगप्पा को रोककर डंडों से हमला किया और मौके पर ही उनकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव और मोटरसाइकिल को नहर में फेंक दिया ताकि घटना को हादसा दिखाया जा सके। शक से बचने के लिए मुख्य आरोपी हरीशा और उसके साथी पुजारी के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित