बेंगलुरु , अक्टूबर 31 -- कर्नाटक की पहली वंदे भारत शयनयान एक्सप्रेस ट्रेन रविवार को अपने पहले सफ़र पर रवाना होगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव यहाँ के सर एम विश्वेश्वरैया टर्मिनल (एसएमवीटी) से बेंगलुरु- मुंबई वंदे भारत शयनयान ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह ट्रेन सिलिकॉन वैली के नाम से प्रसिद्ध बेंगलुरु को मायानगरी मुंबई को जोड़ेगी और लोगों को लंबी दूरी की आरामदायक ट्रेन सफर मुहैया करायेगी।

बेंगलुरु- मुंबई वंदे भारत शयनयान एक्सप्रेस ट्रेन देश के प्रमुख प्रौद्योगिकी शहर बेंगलुरु और वाणिज्यिक नगरी मुंबई के बीच की 1118 किलोमीटर की दूरी को 16 घंटे में तय करेगी। अभी तक अन्य ट्रेनों से सफर करने पर लोगों को बेंगलुरु से मुंबई जाने में 22 से 24 घंटे लगते थे। इस तरह से इस ट्रेन से यात्रा करने पर करीब आठ घंटे की बचत होगी , जिससे व्यापारियों और विद्यार्थियों को काफ़ी लाभ होगा । इस ट्रेन के माध्यम से लोग आराम से सोकर यात्रा कर पाएंगे और वैश्विक स्तर की सुविधाओं का लाभ उठा पायेंगे।

यह चुनावी राज्य कर्नाटक की पहली और देश की तीसरी वंदे भारत शयनयान एक्सप्रेस ट्रेन होगी। देश की पहली वंदे भारत शयनयान एक्सप्रेस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गत 17 को पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह ट्रेन असम के गुवाहाटी (कामाख्या) से कोलकाता (हावड़ा) के बीच चलती है। वहीं दूसरी वंदे भारत शयनयान एक्सप्रेस ट्रेन उत्तर प्रदेश के वाराणसी दिल्ली के बीच शुरू हुई है। इस ट्रेन को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वाराणसी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

वंदे भारत शयनयान एक्सप्रेस (27652) बेंगलुरु से शाम सात बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी और मुंबई अगले दिन पूर्वाह्न 11 बजकर 55 मिनट पर पहुंचेगी। वहीं मुंबई से रात आठ बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन मध्याह्न 12: 00 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित