बेंगलुरु , अक्टूबर 23 -- कर्नाटक में विधान परिषद (एमएलसी) के चार निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार सुबह 08 बजे मतदान शुरू हुआ ।

इस चुनाव में सत्तारुढ़ कांग्रेस का मुकाबला भाजपा-जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन से है।

यह मुकाबला विपक्ष के इन दोनों सहयोगियों के बीच चुनावी तालमेल और स्नातकों तथा शिक्षकों के बीच अपना समर्थन आधार मजबूत करने की उनकी क्षमता की परीक्षा लेगा। मतदान शाम 04 बजे तक चलेगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

जिन चार निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव हो रहे हैं, उनमें दक्षिण-पूर्व स्नातक, पश्चिम स्नातक, उत्तर-पूर्व शिक्षक और बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दक्षिण-पूर्व स्नातक, पश्चिम स्नातक और उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसकी सहयोगी पार्टी जद-एस बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही है।

फिलहाल इन चार सीटों में से तीन पर भाजपा का कब्जा है और वह अपना दबदबा बनाये रखना चाहती है, जबकि जद-एस का लक्ष्य बेंगलुरु शिक्षक सीट को कांग्रेस के हाथों से छीनना है। भाजपा और जद-एस के लिए ये चुनाव काफी अहम हैं क्योंकि इनके नतीजे यह बतायेंगे कि गठबंधन के तहत दोनों पार्टियां अपने-अपने समर्थक आधार को एक-दूसरे के उम्मीदवारों के पक्ष में कितनी प्रभावी ढंग से स्थानांतरित कर सकती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित