बेंगलुरु , अप्रैल 12 -- कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस ने राज्य अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष के. अब्दुल जब्बार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

पार्टी ने अल्पसंख्यक विभाग की राज्य , जिला, विधानसभा क्षेत्र और प्रखंड स्तर की सभी समितियों को भंग कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर जारी एक आधिकारिक बयान में कहा है कि संगठन तथा हितधारकों के साथ उचित परामर्श के बाद जल्द से जल्द एक नयी समिति का पुनर्गठन किया जाएगा।

यह घटनाक्रम कर्नाटक में सत्ताधारी कांग्रेस के भीतर चल रही व्यापक आंतरिक उथल-पुथल के बीच सामने आया है। इससे पहले श्री जब्बार ने शनिवार को इस्तीफा देते हुए अल्पसंख्यक नेताओं में असंतोष का हवाला दिया था और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा सीट के उपचुनाव के दौरान समुदाय की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया था।

उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री शिवकुमार को भेजा था। उन्होंने पत्र में लिखा कि उपचुनाव के दौरान हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों ने उन्हें पद छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा, "गहन विचार-विमर्श और भारी मन से मैं औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा देने के लिए यह पत्र लिख रहा हूँ... उपचुनावों के दौरान दावणगेरे और पूरे कर्नाटक में हुए हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों ने मुझे यह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है।"श्री जब्बार ने कहा कि दावणगेरे दक्षिण उपचुनाव अभियान के दौरान महत्वपूर्ण निर्णय अल्पसंख्यक विभाग के नेतृत्व को शामिल किए बिना लिए गए थे। उन्होंने कहा कि इससे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया है। उन्होंने कहा, "दावणगेरे दक्षिण विधानसभा सीट के उपचुनाव के दौरान पार्टी नेताओं की ओर से अल्पसंख्यक विभाग से संपर्क करने या उनसे राय लेने का कोई सीधा प्रयास नहीं किया गया। अल्पसंख्यक पदाधिकारी व्यथित और निराश हैं, और मैं भी उन्हीं भावनाओं को साझा करता हूँ।"श्री जब्बार का इस्तीफा उन रिपोर्टों के बीच आया है जिनमें कहा गया है कि पार्टी आलाकमान को श्री जब्बार और मंत्री ज़मीर अहमद खान के खिलाफ चुनाव प्रचार में उनकी भूमिका को लेकर नकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इसमें दावणगेरे दक्षिण दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में गुटबाजी की गतिविधियों और आंतरिक तोड़फोड़ के आरोप शामिल हैं। यह आंतरिक कलह वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं (जिनमें विधायक रिज़वान अरशद और विधान परिषद के सदस्य सलीम अहमद शामिल हैं) की सार्वजनिक टिप्पणियों में भी परिलक्षित हुई, जिन्होंने उम्मीदवार चयन और अभियान रणनीति को लेकर मतभेदों को स्वीकार किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित