बेंगलुरु , अगस्त 23 -- उद्योगपति गौतम अडानी को लेकर कांग्रेस के दोहरे रवैये पर हमला तेज करते हुए कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से यह स्पष्ट करने को कहा कि सार्वजनिक मंचों पर लगातार निशाना साधने के बावजूद राज्य सरकार अडानी का 'बांहें खोलकर स्वागत' क्यों कर रही है।यहां भाजपा राज्य कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए श्री अशोक ने पूछा, "श्री गांधी अडानी को भाजपा का एजेंट कहते रहे हैं लेकिन कर्नाटक में कांग्रेस सरकार उनके लिए पलक-पावड़े बिछा रही है। क्या श्री गांधी ने इसकी इजाजत दी है?"विपक्ष के नेता अशोक की यह टिप्पणी उस दिन आयी, जब अडानी ने बेंगलुरु स्थित मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के आवास पर उनसे मुलाकात की। यह बैठक प्रस्तावित टनल रोड परियोजना से जुड़े निर्माण और निविदा संबंधी मामलों पर चर्चा के सिलसिले में हुई थी।
श्री अशोक ने कहा कि श्री गांधी को राजनीतिक बयानबाजी से ऊपर उठकर कर्नाटक में अपनी ही पार्टी की सरकार से सवाल पूछना चाहिए।
उन्होंने सवाल किया, "अगर श्री गांधी के दावे के मुताबिक अडानी भाजपा के एजेंट हैं, तो कर्नाटक में कांग्रेस सरकार उनका स्वागत क्यों कर रही है और बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर उनके साथ चर्चा क्यों कर रही है?" उन्होंने श्री शिवकुमार से यह भी आग्रह किया कि वह श्री गांधी और कांग्रेस नेतृत्व के समक्ष सरकार का रुख स्पष्ट करें।
श्री अशोक ने कहा, "श्री गांधी को अपनी आंखें खोलनी चाहिए और इस पर बोलना चाहिए। वे दिल्ली में एक और कर्नाटक में दूसरा रुख नहीं अपना सकते।" भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अडानी के मुद्दे पर 'दोहरा रवैया' अपना रही है और उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता को इस औद्योगिक समूह के साथ सरकार के सौदों पर पूरी स्पष्टता मिलने का हक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित