बेंगलुरु , जुलाई 17 -- कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ ज़िले में सूरतकल तट के पास मछली पकड़ने वाला नाव शुक्रवार को पलट गया लेकिन उस पर सवार सभी सात मछुआरों को सुरक्षित बचा लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि घटना डोड्डाकोप्ला तट के पास हुई जब समुद्र में एक ट्रॉलर पलट गया। तमिलनाडु निवासी सातों मछुआरों को स्थानीय मछुआरों ने बचाया और सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक बल तुरंत मौके पर पहुंचा और हादसे के कारण पता लगाने के लिए जांच शुरू की। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या समुद्र में खराब हालात या किसी तकनीकी खराबी के कारण नाव पलटी।

मंगलुरु मत्स्य विभाग के उप-निदेशक दर्शन टी. ने बताया कि यह एक मछली पकड़ने वाला नाव था, जो पड़ोसी उडुपी ज़िले के माल्पे बंदरगाह पर पंजीकृत है। नाव को नुकसान पहुंचा और मछली पकड़ने वाले जाल भी खो गये, जिससे मालिकों को आर्थिक नुकसान हुआ; हालांकि, नाव पर सवार सभी लोग सुरक्षित बच गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित