कारवार , अगस्त 09 -- कर्नाटक में उत्तर कन्नड़ जिले के मुरुदेश्वर में देर रात दो गुटों के बीच झड़प रोकने की कोशिश कर रहे दो पुलिसकर्मियों पर बदमाशों ने कथित तौर पर चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।

यह घटना पुलिस को दो गुटों के बीच हिंसक टकराव की सूचना मिलने के बाद हुई। घटना की सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल संगप्पा और कांस्टेबल विनायक शेट्टी मौके पर पहुंचे और टकराव रोकने करने का प्रयास किया।

इस दौरान उपद्रवी लोगों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर चाकुओं से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गये। हेड कांस्टेबल संगप्पा को गंभीर चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए मंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरे घायल पुलिसकर्मी को भी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी गयी।

पुलिस ने राजू, ऋतिक, मदन नाइक, योगेश और दर्शन समेत कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। राजू और मनोज को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित