बेंगलुरु , फरवरी 10 -- कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान एक बार फिर उस समय सामने आ गयी जब पार्टी विधायक इकबाल हुसैन ने कांग्रेस एमएलसी यतींद्र सिद्दारमैया के बयान पर आपत्ति जताते हुए उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद का अवसर देने की मांग दोहरायी ।
श्री हुसैन ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के पुत्र श्री यतींद्र के उस बयान की आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस हाईकमान ने श्री सिद्दारमैया को पूरे कार्यकाल तक मुख्यमंत्री बने रहने की अनुमति दे दी है। श्री हुसैन ने कहा कि इस तरह के बयान पार्टी अनुशासन के खिलाफ हैं और नेतृत्व को असहज स्थिति में डालते हैं।
उन्होंने कहा, "हम एक अनुशासित पार्टी हैं और हमें उसी तरह व्यवहार करना चाहिए। बार-बार अपने पिता के समर्थन में बोलना और हाईकमान को असहज करना उचित नहीं है।" श्री हुसैन ने श्री यतींद्र को सार्वजनिक बयानबाजी में संयम बरतने की सलाह दी।
श्री हुसैन ने दावा किया कि विधायक दल में श्री डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने के समर्थन में मजबूत आवाज उठ रही है। उनके अनुसार 80 से 90 कांग्रेस विधायकों ने श्री शिवकुमार के नाम की सिफारिश पार्टी हाईकमान से की है। उन्होंने कहा, "हमने फैसला हाईकमान पर छोड़ दिया है। 80-90 विधायकों ने अनुरोध किया है कि श्री डीके शिवकुमार को मौका दिया जाए।" उन्होंने यह भी कहा कि कई विधायक भ्रम की स्थिति से बचने के लिए सार्वजनिक रूप से चुप हैं, लेकिन निजी तौर पर इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं।
श्री हुसैन ने यह भी कहा कि निजी संबंधों का असर राजनीतिक फैसलों पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, "हर पिता अपने बेटे से और हर बेटा अपने पिता से प्रेम करता है, लेकिन राजनीति में अनुशासन जरूरी है।"विधायक ने स्पष्ट किया कि सरकार के गठन के पहले दिन से ही वह श्री शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने के पक्ष में रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि श्री शिवकुमार को इसी कार्यकाल में अवसर मिले। कांग्रेस एमएलसी चन्नराजा हत्तिहोली ने भी श्री शिवकुमार को नेतृत्व का मौका दिए जाने का समर्थन किया।
नवंबर 2025 से ही कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अटकलें जारी हैं, जब सिद्दारमैया सरकार अपने पांच वर्षीय कार्यकाल के मध्य बिंदु के करीब पहुंची थी। श्री सिद्दारमैया और श्री शिवकुमार के अलावा गृह मंत्री जी. परमेश्वर को भी संभावित दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित