दावणगेरे , जून 24 -- कर्नाटक के दावणगेरे जिले के हरिहर तालुक में पुलिस और खुफिया एजेंसियों के समन्वित अभियान में बुधवार को उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उस पर संदिग्ध आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने और पाकिस्तान से कथित संबंध होने का आरोप है।
गिरफ्तार किये व्यक्ति की पहचान सुहैल के रूप में हुयी है। आरोपी ने हाल ही में इलाके में आकर पुताई करने वाले के तौर पर काम शुरू किया था। वह हरिहर ग्रामीण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में रह रहा था, जहां से उसे विशिष्ट खुफिया इनपुट के आधार पर हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से जुड़े इनपुट और निर्देशों के समन्वय के साथ चलाया गया, जिसके बाद त्वरित तलाशी अभियान चलाया गया औ उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक निष्कर्षों के अनुसार, जांचकर्ताओं ने उसके व्हाट्सएप अकाउंट पर कुछ संदिग्ध सामग्रियां मिलने की बात कही है। अधिकारियों ने हालांकि इन सामग्रियों के विवरण का खुलासा नहीं किया है और न ही कथित संबंधों की सटीक प्रकृति स्पष्ट की है।
सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या आरोपी का किसी संगठित नेटवर्क से कोई परिचालन संबंध था या वह स्वतंत्र रूप से काम कर रहा था। अधिकारियों ने यह भी कहा कि इस बात की पुष्टि की जा रही है कि इस संदिग्ध गतिविधि के पीछे सीमा पार से कोई बड़ा समन्वय तो नहीं था।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि अब तक किसी भी तरह की भौतिक आपत्तिजनक सामग्री की बरामदगी के संबंध में कोई पुख्ता खुलासा नहीं किया गया है।
आरोपी अभी हिरासत में है, जबकि कई एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं और डिजिटल सबूतों का विश्लेषण कर रही हैं। जांच आगे बढ़ने पर विस्तृत विवरण मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित