मंगलुरु , जुलाई 14 -- कर्नाटक में मंगलुरु पुलिस ने बंगलादेशी नागरिकों को यहां लाकर और उन्हें काम पर रखने वाले एक कथित नेटवर्क का भंडाफोड़ करके पश्चिम बंगाल के तीन निवासियों को गिरफ्तार किया है।

पश्चिम बंगाल के निवासी आरोपियों - मोइदीन इस्लाम, रसूल इस्लाम और दिलावर हुसैन के खिलाफ कर्नाटक में बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध प्रवेश को बढ़ावा देने और मंगलुरु में विभिन्न निर्माण स्थलों पर उनके लिए रोजगार की व्यवस्था करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि ये तीनाें काम के लिए नियमित रूप से उत्तरी भारतीय राज्यों से श्रमिकों को मंगलुरु लाते थे। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि इन श्रमिक समूहों के साथ कथित तौर पर बंगलादेशी नागरिकों को भी लाया गया था और बिना किसी वैध दस्तावेज के निर्माण स्थलों पर काम पर लगाया गया था।

मोइदीन इस्लाम और दिलावर हुसैन को मंगलुरु में गिरफ्तार किया गया, जबकि रसूल इस्लाम को कोलकाता पुलिस की मदद से कोलकाता में पकड़ा गया। मंगलुरु पुलिस की एक टीम उसे वापस लाने और आगे की पूछताछ के लिए कोलकाता रवाना हो गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित