चिकबल्लापुर , जुलाई 14 -- कर्नाटक के चिकबल्लापुर की एक अदालत में जज की कुर्सी पर कथित तौर पर अंधविश्वासों से जुड़ा काला जादू कर न्यायिक कार्यवाही को प्रभावित करने के प्रयास में एक बुजुर्ग महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

आरोपी महिला की पहचान मंजुला (65) के रूप में हुई है। उसने कथित तौर पर प्रथम अपर वरिष्ठ दीवानी न्यायाधीश और प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के कक्ष में प्रवेश किया और जज की कुर्सी पर पीली सरसों के दाने छिड़क दिए, जिनके बारे में माना जाता है कि उनका उपयोग अंधविश्वास संबंधी अनुष्ठानों में किया गया था।

यह घटना तब सामने आई जब अदालत कक्ष के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में महिला को दो दिन पहले यह हरकत करते हुए देखा गया। फुटेज सामने आने के बाद कोर्ट प्रशासन ने पुलिस को सतर्क किया।

अदालत की मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नेत्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर चिकबल्लापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसके बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित