छपरा , जुलाई 14 -- बिहार में सारण के पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में इसुआपुर थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक गौरव कुमार गौरव को निलंबित कर दिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तत्कालीन थाना प्रभारी गौरव कुमार गौरव पर मंदिर चोरी की घटना की सूचना समय पर वरीय अधिकारियों को नहीं देने तथा थाना परिसर में तीन व्यक्तियों को बिना किसी विधिसम्मत कार्रवाई और बिना प्राथमिकी दर्ज किए 24 घंटे से अधिक समय तक अवैध रूप से निरुद्ध रखने का आरोप है।
इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (मढ़ौरा-2) की ओर से प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन और कराई गई जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि इसुआपुर थाना कांड संख्या-245/26, जो मंदिर चोरी से संबंधित है, उसकी सूचना समय पर वरीय पुलिस अधिकारियों को नहीं दी गई। इसे पुलिस कार्यप्रणाली और जवाबदेही के मानकों का गंभीर उल्लंघन माना गया।
इस जांच के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया। 11 जुलाई 2026 को थाना के औचक निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में तीन व्यक्तियों को बिना किसी विधिसम्मत कार्रवाई और बिना कोई कांड दर्ज किए 24 घंटे से अधिक समय तक निरुद्ध पाया गया। पुलिस नियमों के अनुसार किसी भी व्यक्ति को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के बिना इस प्रकार हिरासत में रखना गंभीर अनुशासनहीनता और विधि-विरुद्ध कृत्य माना गया है।
सूत्रों ने बताया कि उक्त आरोप की पुष्टि के उपरान्त थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित