हरिद्वार , मई 20 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस के प्रशिक्षित श्वान "रॉक्सी" को बुधवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद में पूरे सम्मान और भावुक माहौल के बीच अंतिम सलामी दी गई। बारूदी एवं विस्फोटक पदार्थों की पहचान में दक्ष रॉक्सी ने अपने सेवाकाल में कई महत्वपूर्ण सुरक्षा अभियानों में अहम भूमिका निभाई थी।
करीब 12 वर्षों तक पुलिस विभाग में सेवाएं देने वाली रॉक्सी ने कुंभ मेला, कांवड़ मेला, हरकी पैड़ी, पुरानी कलियर समेत कई संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा जांच के दौरान अपनी विशेष उपयोगिता साबित की। वीआईपी ड्यूटी, जांच अभियान और बड़े आयोजनों में रॉक्सी की सतर्कता और दक्षता को पुलिस विभाग हमेशा याद रखेगा।
पुलिस लाइन रोशनाबाद में आयोजित अंतिम सलामी कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक, बीडीएस स्टाफ एवं अन्य पुलिस कर्मियों ने रॉक्सी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि पुलिस श्वान केवल सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि पुलिस परिवार के अभिन्न सदस्य होते हैं, जो हर परिस्थिति में पूरी निष्ठा और साहस के साथ अपने दायित्व निभाते हैं।
हरिद्वार पुलिस ने रॉक्सी की सेवाओं को याद करते हुए कहा कि उसकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण हमेशा प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
सं उप्रेतीवार्ता"ऑपरेशन प्रहार" में हरिद्वार पुलिस का बड़ा प्रहार, स्मैक तस्कर गिरफ्तारहरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय देहरादून द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 11.84 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद के नेतृत्व में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गठित पुलिस टीम ने 19 मई 2026 को बहादराबाद क्षेत्र की नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11.84 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनीत चौधरी पुत्र सतीश निवासी ग्राम खानपुर, कोतवाली भगवानपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 37 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बहादराबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित