चमोली , जून, 16 -- उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार को एक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें धारदार हथियार से हमले की घटना सामने आयी। घटना में कई स्थानीय लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने बद्रीनाथ राजमार्ग पर जाम लगाकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित