बैतूल , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के सारनी थाना क्षेत्र के पाथाखेड़ा की अस्पताल कॉलोनी में शनिवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर सारनी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कमलेश्वर भालेकर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि नियमित काम नहीं मिलने और बैंक से लिए गए कर्ज की किस्तें नहीं चुका पाने के कारण वह तनाव में रहता था।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार मृतक का बड़ा भाई शनिवार सुबह करीब छह बजे शोभापुर ड्यूटी पर गया था। दोपहर करीब दो बजे ड्यूटी से लौटने के बाद वह घर के पास बनी झोपड़ी में मुर्गा-मुर्गियों को दाना-पानी देने पहुंचा। इसी दौरान उसने कमलेश्वर को पाइप से रस्सी बांधकर फंदे पर लटका देखा।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और कमलेश्वर को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि कमलेश्वर ने पूर्व में भी फांसी लगाने का प्रयास किया था। उस समय परिजनों की नजर पड़ जाने से उसे समय रहते बचा लिया गया था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित