भरतपुर , सितम्बर 07 -- राजस्थान में करौली के सपोटरा किला वन क्षेत्र में सोमवार को तेंदुआ और दो शावकों के नजर आने से आसपास के इलाकों में दहशत फैल गयी।
किले की दीवार पर तेंदुआ और उसके दो शावकों के दिखाई देने की सूचना के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग के दो दल किला क्षेत्र में तैनात किये गये हैं। दल लगातार गश्त कर रहे हैं, वहीं लोगों को जंगल और किला वन क्षेत्र की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
तेंदुए को आबादी क्षेत्र से दूर रखने के लिए वन विभाग के कार्मिकों की ओर से पटाखे भी चलाए गए। इसके बाद से आसपास के लोगों ने जंगल की ओर जाना कम कर दिया है। वन विभाग ने लोगों से किला वन क्षेत्र और जंगल में अकेले नहीं जाने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित