जयपुर , फरवरी 14 -- राजस्थान के करौली जिले में पुलिस ने कैलादेवी थाना क्षेत्र के धौरेरा हार में छापेमारी कर करीब दो करोड़ रुपए कीमत के छह हजार किलोग्राम से अधिक अवैध अफीम के हरे पौधे बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया हैं।

करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन शिकंजा के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 6067 किलो 800 ग्राम अवैध अफीम के हरे पौधे बरामद किए गए। श्री सोनवाल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन पौधों की कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।

उन्होंने बताया कि तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शातिर तरीका अपनाते हुए अपने खेतों में ऊंची और घनी सरसों की फसल के ठीक बीचों-बीच अफीम की अवैध खेती कर रखी थी ताकि किसी को शक न हो। मुखबिर की सटीक सूचना पर जब पुलिस टीम ने खेतों के भीतर प्रवेश किया, तो वहां अफीम के पौधों का जखीरा देखकर दंग रह गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित