भरतपुर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में करौली जिले के सपोटरा किले की चारदीवारी पर एक बार फिर दो तेंदुए दिखाई देने के बाद किले के नीचे बसी आबादी में हड़कंप मच गया है।

वन विभाग के सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सूचना मिलते ही विभाग का छह सदस्यीय दल मौके पर पहुंच गया जो तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।

पिछले महीने भी किला क्षेत्र में तीन तेंदुए कई दिनों तक दिखायी दिये थे। अब दो तेंदुओं की दोबारा मौजूदगी से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। तेंदुए दिखायी देने के बाद सक्रिय हुए वन विभाग का कहना है कि क्षेत्र में निगरानी की जा रही है। दल तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है, ताकि उनकी मौजूदगी और संभावित हलचल पर नजर रखी जा सके।

विभाग के आश्वासन के बावजूद भयभीत लोग जरूरी कामों के लिए ही समूह बनाकर घरों से निकल रहे हैं, जबकि बुजुर्ग, बच्चे एवं महिलाएं घरों से बाहर जाने में परहेज कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित