जयपुर , अगस्त 28 -- राजस्थान में सीकर पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली की हाईटेंशन लाइन से तार चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं।

सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि डीएसटी सीकर और थाना सदर नीमकाथाना की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, एक पिकअप, एक कार और एक थार जीप बरामद कर जब्त की है। इसके अलावा चोरी से अर्जित राशि से खरीदे गए दो आईफोन भी बरामद किए गए हैं।

श्री नूनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने थाना सदर नीमकाथाना और थाना डाबला क्षेत्र में पावरग्रीड वटामन ट्रांसमिशन लिमिटेड के 765 केवी डी/सी सीकर-II से नरेला टीएल प्रोजेक्ट के तहत बिछाई जा रही हाईटेंशन लाइन से करीब 103 किलोमीटर क्षेत्र में तार चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। चोरी किए गए तार की अनुमानित कीमत करीब पांच से छह करोड़ रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा दर्जनों वारदात करना स्वीकार किया गया है। गिरोह के कुछ अन्य आरोपी गिरफ्तारी के भय से फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित