महासमुंद , फरवरी 20 -- ) छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रबी सीजन 2024-25 के बकाया भुगतान को लेकर किसानों का गुस्सा गुरुवार को सड़कों पर फूट पड़ा।

सैकड़ों किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर रायपुर कूच करने का प्रयास किया। प्रशासन द्वारा बेलसोण्डा के पास रैली को रोके जाने के बाद किसान राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठ गए और करीब आधे घंटे तक चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शन के दौरान कृषि विभाग और पुलिस अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआती दौर में वार्ता बेनतीजा रही। बाद में कृषि विभाग के अधिकारियों ने शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

किसानों का आरोप है कि रबी सीजन 2024-25 में तेलंगाना की कावेरी बीज कंपनी ने उनकी जमीन लीज पर लेकर बीज उत्पादन कराया। इस दौरान मजदूरों से काम लिया गया और मशीनरी का उपयोग किया गया, लेकिन अब तक न तो मजदूरी का भुगतान किया गया और न ही जमीन की लीज राशि दी गई।

किसानों के अनुसार जिले के 133 किसानों का कुल बकाया Rs.3,23,26,388 है। जुलाई 2025 से फरवरी 2026 तक 2 प्रतिशत मासिक ब्याज जोड़ने पर यह राशि बढ़कर 3,74,98,610 रुपये हो चुकी है।

किसानों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और बकाया राशि का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित