बड़वानी , मार्च 25 -- मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में करीब 2.75 करोड़ रुपये के कथित गबन के मामले में पुलिस ने जनपद पंचायत के एक क्लर्क के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी क्लर्क पुष्पेंद्र यादव पर शासकीय राशि को अपने रिश्तेदारों, परिचितों और निजी फर्मों के खातों में स्थानांतरित करने का आरोप है।
सेंधवा के एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि आरोपी, जो जनपद पंचायत सेंधवा और राजपुर में पदस्थ रहा, ने कुल 2,73,10,895 रुपये की राशि कथित रूप से धोखाधड़ी कर आहरित की। इस संबंध में उसके खिलाफ सेंधवा शहर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी काजल जावला के निर्देश पर की गई है। काजल जावला ने बताया कि आरोपी को मामला सामने आने पर पहले ही निलंबित कर दिया गया था और अब उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
एसडीओपी ने बताया कि आरोपी ने सम्बल योजना, ग्रामीण विकास विभाग और अन्य शासकीय योजनाओं से जुड़ी ऑनलाइन प्रणालियों के लॉगिन, पासवर्ड और डिजिटल हस्ताक्षर का दुरुपयोग किया। इन माध्यमों से बिना अनुमति राशि निकालकर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने वर्ष 2017 से 2019 के बीच जनपद पंचायत राजपुर में लगभग 44.22 लाख रुपये और जनवरी 2020 से जून 2023 के बीच जनपद पंचायत सेंधवा में 2.28 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अनियमितताएं कीं। इस दौरान राशि को विभिन्न खातों में स्थानांतरित किया गया और कुछ लेन-देन के रिकॉर्ड भी कथित रूप से हटा दिए गए।
इस मामले का खुलासा नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट के बाद हुआ, जिसके आधार पर आरोपी को निलंबित किया गया था। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित