बैतूल , सितंबर 23 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिला में शासकीय महाविद्यालय शाहपुर में बुधवार को जिला रोजगार कार्यालय बैतूल, स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ और नेशनल टास्क फोर्स के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में करियर काउंसलर रश्मि बर्डे ने परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन, एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के बीच संबंध के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी। साथ ही सरकारी क्षेत्र में रोजगार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित क्षेत्रों में अवसर, अल्पावधि पाठ्यक्रम और रुचि के अनुरूप करियर चयन को लेकर मार्गदर्शन दिया।

करियर काउंसलर संदीप बर्डे ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं और रुचि के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी। उन्होंने दबाव से निपटने, छोटे-छोटे कदमों से लक्ष्य हासिल करने और नियमित आत्ममंथन पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित