लखनऊ , अगस्त 19 -- कप्तान करन शर्मा (92 रन नाबाद, 48 गेंद) की तूफानी पारी की बदौलत गत विजेता काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में मंगलवार देर रात गौर गोरखपुर लायंस को 15 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में काशी रुद्रास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 194 रन बनाए। जवाब में गौर गोरखपुर लायंस की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 179 रन ही बना सकी। करन शर्मा को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। काशी ने 50 रन की शुरुआती साझेदारी के साथ अच्छी शुरुआत की। साहब युवराज सिंह ने 25 गेंदों पर 41 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि निशांत ठाकुर ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर काशी की पारी पर अंकुश लगाया। मध्यक्रम के लड़खड़ाने से 10वें ओवर तक काशी का स्कोर पांच विकेट पर 88 रन हो गया।
ऐसे मुश्किल समय में कप्तान करन शर्मा ने मोर्चा संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला। काशी ने अंतिम चार ओवरों में 76 रन जोड़े। करन ने अपनी नाबाद 92 रन की पारी में चार चौके और नौ छक्के लगाए। उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों पर जमकर प्रहार करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। काशी ने 20 ओवर में छह विकेट पर 194 रन बनाए।
करन की इस पारी के साथ वह लीग में ऑरेंज कैप की दौड़ में भी शीर्ष पर पहुंच गए। तीन मैचों में उनके नाम 161 रन हो गए हैं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर लायंस ने पहली ही गेंद पर अभय प्रताप सिंह के छक्के से शानदार शुरुआत की, लेकिन यह लय ज्यादा देर कायम नहीं रह सकी। दूसरे ओवर में वैभव चौधरी ने कप्तान आर्यन जुयाल को आउट कर काशी को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद दोनों हाथों से गेंदबाजी करने वाले स्पिनर विजय यादव ने अभय प्रताप सिंह और शिवम चौधरी को आउट कर गोरखपुर को 50 रन पर तीन विकेट के दबाव में ला दिया। सिद्धार्थ यादव और प्रिंस यादव ने इसके बाद पारी को संभालने का प्रयास किया और दोनों के बीच 55 रन की साझेदारी हुई। काशी के कप्तान करन शर्मा ने खुद गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली और आते ही प्रिंस यादव को पवेलियन भेज दिया। इसके कुछ ही देर बाद वैभव चौधरी ने अपना दूसरा विकेट लेते हुए सिद्धार्थ यादव को आउट कर दिया।
गोरखपुर की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। हालांकि अंतिम ओवरों में बल्लेबाजों ने कुछ आकर्षक चौके-छक्के लगाकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन निर्धारित 20 ओवर में टीम सात विकेट पर 179 रन ही बना सकी और 15 रन से मुकाबला हार गई।
इस हार के साथ गौर गोरखपुर लायंस को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा, जबकि काशी रुद्रास ने तीन मैचों में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित