बारां , मई 21 -- राजस्थान में जल संसाधन विभाग कोटा के मुख्य अभियंता डीआर मीणा ने गुरुवार को शाहाबाद एवं किशनगंज क्षेत्र में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों और सिंचाई परियोजनाओं का निरीक्षण किया।

इस दौरान श्री मीणा ने करई नदी पर प्रस्तावित कुंजेय एवं सेमरी बांध निर्माण स्थलों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने करई - हथियादह परियोजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आगामी रबी सीजन से पहले परियोजना के महत्वपूर्ण कार्य पूरे कर लिए जाएं ताकि किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके। श्री मीणा ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मौके पर उपयोग हो रही निर्माण सामग्री, तकनीकी मापदंडों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।

अधिकारियों ने मुख्य अभियंता को परियोजना की वर्तमान स्थिति, लागत एवं निर्माण प्रगति की जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित