अलवर , मई 19 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले में मुण्डावर उपखंड के ग्राम काली पहाड़ी में खेत पर कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से हुई युवक की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है।

पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने मंगलवार को खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश को ज्ञापन सौंपकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी ततारपुर में कार्यरत चिकित्सक पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कथित गड़बड़ी, रिश्वत मांगने और धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम काली पहाड़ी निवासी नरेन्द्र कुमार (26) 19 अप्रैल 2026 को खेत में ज्वार की फसल में पानी देते समय 11 हजार वोल्ट लाइन के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. प्रवीण धानिया ने रिपोर्ट में मौत का कारण खेत में करंट लगने के बजाय घर पर बिजली कार्य करते समय हादसा होना दर्ज कर दिया। परिजनों ने इसे गलत बताते हुए रिपोर्ट सुधारने की मांग की, लेकिन चिकित्सक ने कथित रूप से 50 हजार रुपये की मांग की।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कई बार निवेदन करने के बावजूद रिपोर्ट में सुधार नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि पटवारी की मौका मुआयना रिपोर्ट, ग्रामीण मेजरनामा और एएनएम के हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद भी चिकित्सक अपनी मांग पर अड़ा रहा। विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मृतक की पत्नी और मासूम पुत्री को सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने के लिए एमएलसी रिपोर्ट में सुधार कराया जाए और संबंधित चिकित्सक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित