अलवर , मई 29 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ के बगड़ तिराया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को खेत पर काम करते समय करंट लगने से दम्पती की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह बेरेबास गांव में महेन्द्र जाटव अपनी पत्नी रामेश्वरी और बच्चों के साथ खेतों पर रहकर खेती का काम कर रहे थे। रामेश्वरी खेत में लगी मोटर को बंद करने के लिए गई थी। बताया जा रहा है कि बारिश के बाद खेत में नमी होने के कारण अचानक विद्युत करंट प्रवाह हो गया और रामेश्वरी उसकी चपेट में आ गई। पत्नी की चीख सुनकर महेन्द्र उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी तेज करंट की चपेट में आ गए।
सू्त्रों ने बताया कि घटना को देखकर बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत बिजली की आपूर्ति बंद करवाई और दोनों को गंभीर हालत में रामगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रामेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं महेन्द्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर भेजा गया, लेकिन बहाला टोल टैक्स के पास रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित