देवरिया , मई 18 -- केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने ऊर्जा संकट और पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए लोगों से सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल का उपयोग करने की अपील की है। श्री पासवान सोमवार को देवरिया से लगभग 20 किलोमीटर दूर रुद्रपुर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता मनीष गुप्ता के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक परिस्थितियों और ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए पेट्रोल और डीजल के मितव्ययी उपयोग की अपील की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अपने काफिलों में वाहनों की संख्या कम रखकर उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। ऐसे में आम नागरिकों को भी ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।

श्री पासवान ने कहा कि यदि लोग सप्ताह में एक दिन भी साइकिल का उपयोग करें तो इससे न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत होगी, बल्कि स्वास्थ्य को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों की दिनचर्या अधिक स्वस्थ बन सकेगी।

उन्होंने नागरिकों से ऊर्जा संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर देश ऊर्जा बचत की दिशा में बड़ा योगदान दे सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित