बैतूल , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में इस वर्ष औसत से कम बारिश होने के कारण रबी फसलों की सिंचाई का रकबा घटने की संभावना है। पिछले वर्ष करीब 94 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हुई थी, जबकि इस बार जल उपलब्धता के आधार पर करीब 55 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में ही सिंचाई हो सकेगी। किसानों को उपलब्ध पानी के अनुसार फसलों का चयन करने की सलाह देने का निर्णय लिया गया है।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय जल उपयोगिता समिति की बैठक में रबी सिंचाई कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई। बैठक में मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिले की मध्यम एवं लघु जल परियोजनाओं में जलभराव की स्थिति और परियोजनावार उपलब्ध पानी की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से जलाशयों में वर्तमान जल उपलब्धता, सिंचाई के लिए उपलब्ध पानी और प्रस्तावित रबी सिंचाई कार्यक्रम की जानकारी ली।

अधिकारियों ने बताया कि उपलब्ध पानी के आधार पर इस बार करीब 55 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था हो सकेगी। पलेवा के बाद एक सिंचाई देने की योजना है, जबकि बेहतर जल उपलब्धता वाले क्षेत्रों में पलेवा के साथ दो सिंचाई देने का प्रयास किया जाएगा। करीब 14,421 हेक्टेयर क्षेत्र में बेहतर जल उपलब्धता के आधार पर अपेक्षाकृत अधिक सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

जिले में 127 बांध-तालाबों में से बड़ी संख्या में जलस्रोत 50 प्रतिशत या उससे कम भरे हैं। ऐसे में आगामी महीनों में उपलब्ध पानी का नियोजित उपयोग करना चुनौती होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार ने कहा कि गेहूं की फसल में अधिक पानी की जरूरत होती है। उन्होंने किसानों को पानी की उपलब्धता के अनुसार फसल लेने और अधिक पानी मांगने वाली गन्ने जैसी फसलों की बोवनी सीमित रखने की सलाह दी।

जिले में 30 सितंबर तक औसत 721.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक 989.8 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में 267.9 मिलीमीटर, करीब 27 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

कलेक्टर ने कृषि विभाग के उप संचालक को किसानों से निरंतर संवाद कर जल उपलब्धता के अनुसार फसल बोवनी की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को समय रहते जलाशयों में उपलब्ध पानी के अनुसार फसल चयन की जानकारी देने को कहा।

उन्होंने जलाशयों और नदियों से अवैध रूप से पानी खींचने वाली मोटरों को जब्त करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों को उपलब्ध जल का नियमानुसार और आवश्यकता के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त कार्रवाई करने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित