रायपुर , सितंबर 08 -- छत्तीसगढ़ में पिछले तीन-चार दिनों से कमजोर पड़ी मानसूनी गतिविधियों में एक बार फिर तेजी आने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। फिलहाल किसी जिले के लिए चेतावनी जारी नहीं की गई है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
प्रदेश में मानसून सीजन अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। एक जून से सात सितंबर तक छत्तीसगढ़ में 950.6 मिमी (37.42 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि की सामान्य बारिश 990.8 मिमी (39.01 इंच) है। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से 4% कम बारिश हुई है।
जिलों में बारिश की स्थिति में बड़ा अंतर बना हुआ है। बलरामपुर में सामान्य से 70 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, जबकि बेमेतरा में सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सीजन में अब तक बलरामपुर में सर्वाधिक 1436.7 मिमी (56.56 इंच) बारिश हुई है। जिले की सामान्य बारिश 846.1 मिमी (33.31 इंच) है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित