भुवनेश्वर , सितंबर 12 -- ओडिशा के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश के बाद राज्य सरकार ने नदियों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी है।मलकानगिरी के चित्रकोंडा ब्लॉक में सबसे ज़्यादा 192 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

इस दौरान राज्य में औसतन 24.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। पांच ब्लॉकों में 100 मिमी से ज्यादा और 33 ब्लॉकों में 50-100 मिमी बारिश हुई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम/पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश तटों पर बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो सकता है। अगले 24 घंटों में इसके उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है।

नुआपड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, नबरंगपुर और कोरापुट में एक-दो जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।इन इलाकों के लिए 'येलो वॉर्निंग' जारी की गई है। कई जिलों में बिजली कड़कने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

बारिश को देखते हुए सभी नदियां की निगरानी की जा रही है और ये सभी खतरे के निशान से नीचे हैं। शुक्रवार सुबह नराज में महानदी का जलस्तर 22.91 मीटर, पानपोष में ब्राह्मणी का 172.66 मीटर, आनंदपुर में बैतरणी का 34.79 मीटर और मथानी में जलका का जलस्तर 6.46 मीटर था।

सुबह 9 बजे हीराकुंड जलाशय का जलस्तर 629.10 फीट था; इसमें 63,767 क्यूसेक पानी आ रहा था और 51,062 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था।इस बांध का एक गेट खुला था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित