श्रीगंगानगर , जुलाई 17 -- नयी दिल्ली में जंतर मंतर पर नीट परीक्षाओं के पेपरलीक मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन के समर्थन में कम्युनिस्ट दलों के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजस्थान के श्रीगंगानगर में जिला कलेक्टर कार्यालय के समक्ष धरना देकर ज्ञापन दिया।

नीट के पेपर लीक होने और उसकी जिम्मेदारी देने को लेकर पूरे देश के युवाओं में आक्रोश फैला हुआ है। सोनम वांगचुक आमरन अनशन पर बैठे हुए हैं। इसी आंदोलन के समर्थन में यहां धरना स्थल पर सभा का आयोजन किया गया। इस सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के नेता चरणदास कंबोज ने की। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा शिक्षा ही नहीं समाज के विभिन्न क्षेत्रों यथा विदेश नीति में भी अलोकतांत्रिक गतिविधियों को बढ़ाया है।

भाकपा नेता इंद्रजीत बिश्नोई ने कहा कि परीक्षाओं में पेपर लीक विद्यार्थियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय है।

सीटू नेता हरकेवल सिंह ने कहा कि श्रम कानूनों में बदलाव करके देश के करोड़ों लोगों के साथ अन्याय किया जा रहा है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिला सचिव वकील सिंह ने कहा कि जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को हम समर्थन दे रहे हैं और यह देश की युवा पीढ़ी की मांग है।

पेपर लीक न होना और परीक्षा साफ-सुथरी करवाना ही केवल समस्या का समाधान नहीं है। हर विद्यार्थी को निशुल्क शिक्षा और रोजगार की गारंटी देना ही सारी समस्याओं का हल है।

इसके बाद जिला कलेक्टर के माध्यम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन मांग की गयी कि परीक्षाओं की धांधलियां रोक कर विद्यार्थियों, युवाओं के साथ न्याय किया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित