नयी दिल्ली , फरवरी 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 'कम्प्रोमाइज्ड पीएम' और इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बब्बर शेर कहने को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया है और कहा है कि कम्प्रोमाइज्ड पीएम मोदी नहीं बल्कि गांधी परिवार रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस और श्री गांधी पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने श्री गांधी से पूछा कि उन्हें बताना चाहिए सबसे भयानक औद्योगिक आपदा भोपाल गैस त्रासदी के आरोपी वॉरेन एंडसन को छोड़ने वाले और 1984 में सिख दंगों के समय देश के प्रधानमंत्री राजीव गांधी कम्प्रोमाइज्ड पीएम थे या एआई समिट का आयोजन कर दुनियाभर में भारत का गौरव बढ़ाने वाले श्री मोदी कम्प्रोमाइज्ड पीएम हैं।

उन्होंने कहा कि श्री गांधी का एक पोस्ट सामने आया, जिसमें उन्होंने अपरिपक्व बातें कहीं, जिनके लिए वे अक्सर चर्चा में रहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने (श्री गांधी) कहा है कि यह कैसी सरकार है, जो संवैधानिक रूप से विरोध करने पर लोगों को जेल में डाल देती है। इसमें उन्होंने आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्होंने कम्प्रोमाइज्ड पीएम लिखा है।

श्री भाटिया ने श्री गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "ये बातें वह लिखा रहा है, जिसका नकली गांधी परिवार पीढ़ी दर पीढ़ी कम्प्रोमाइज्ड रहा है।"उन्होंने कहा, "विश्व के इतिहास में भोपाल त्रासदी सबसे भयानक औद्योगिक आपदाओं में से एक थी। प्रधानमंत्री राजीव गांधी के हाथ भोपाल गैस त्रासदी में मारे गए 8,800 लोगों के खून से रंगे थे। उनके प्रधान सचिव पी. सी. अलेक्जेंडर ने कहा था कि यदि वॉरेन एंडरसन को जाने की अनुमति दी गयी, तो यह श्री गांधी और उस समय के मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के कारण हुआ था। गांधी परिवार पीढ़ियों से समझौता करता रहा है।"उन्होंने कहा, "1984 के सिख दंगों के दौरान कांग्रेस नेताओं पर सिखों के खिलाफ हिंसा का नेतृत्व करने का आरोप लगा गया, तो श्री गांधी ने इसे यह कहकर उचित ठहराने की कोशिश की थी कि जब एक बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है।"उन्होंने कहा, "1984 में 3500 सिखों की हत्या कर दी जाती है। ये हत्या आखिर किसने की थी। किसके कहने पर इतना बड़ा नरसंहार हुआ था। जो नंगे होकर प्रदर्शन कर रहे थे उन्हें श्री राहुल गांधी बब्बर शेर बता रहे हैं। ये ऐसे बब्बर शेर हैं जो पुलिस को देखकर छिप जाते हैं।"उन्होंने कहा कि श्री गांधी कहते हैं कि वह मोहब्बत की दुकान खोलने निकले हैं, लेकिन ये मोहब्बत की दुकान नहीं है, बल्कि नंगई की दुकान खोल रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित