चंडीगढ़ , मई 02 -- हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष और हरियाणा कान्फैड के पूर्व अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कमर्शियल गैस और पांच किलोग्रराम एलपीजी सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी पर कड़ी नाराजगी जतायी है। उन्होंने कहा कि इससे देश की जनता में भारी आक्रोश है।
श्री गर्ग ने शनिवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि देश के इतिहास में एलपीजी सिलेंडर के दामों में यह अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर में 993 रुपये और पांच किलोग्राम सिलेंडर में 261 रुपये की बढ़ोतरी से खाने-पीने का सामान महंगा हो जाएगा। कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने का सीधा असर होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, फूड व्यवसाय और चाय ढाबे वालों पर पड़ेगा। इसका बोझ अंततः गरीब और आम जनता की थाली पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि एलपीजी और पेट्रोल के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी से महंगाई का सीधा असर आम आदमी, मजदूर, कर्मचारी और छोटे-मध्यम व्यापारियों पर पड़ेगा।
श्री गर्ग ने याद दिलाया कि भाजपा ने 2014 में एलपीजी सिलेंडर 250 रुपये और पेट्रोल 55 रुपये प्रति लीटर देने का वादा किया था। दाम घटाने की बजाय सरकार ने बेहताशा बढ़ोतरी कर जनता की जेब पर डाका डाला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कपड़े और चीनी पर जीएसटी लगाकर गरीब के तन का कपड़ाऔर मुंह की मिठास छीन ली है। देश आजाद होने के बाद से इन वस्तुओं पर कभी टैक्स नहीं लगा था।
उन्होंने सरकार से मांग की कि कमर्शियल और पांच किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की बढ़ोतरी पर पुनर्विचार करइसे तुरंत वापस लिया जाये, ताकि आम जनता को महंगाई से राहत मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित