ग्वालियर , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान में घुसकर पांच वर्षीय बालिका से कथित दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपी नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार भिण्ड जिले के अटेर निवासी एक दंपति नारायण विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर निजी कार्य करते हैं। सोमवार तड़के बिजली नहीं होने के कारण परिवार कमरे का दरवाजा खुला छोड़कर सो रहा था। महिला अपने बेटे के साथ जमीन पर तथा पांच वर्षीय बेटी चारपाई पर सो रही थी।

आरोप है कि इसी दौरान मकान मालिक का 14 वर्षीय पुत्र कमरे में घुस आया और सो रही बालिका के साथ दुष्कर्म किया। तड़के करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच बालिका की मां की आंख खुलने पर उसने आरोपी को कथित रूप से घटना करते देखा। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया।

इसके बाद परिजनों ने बालिका से पूछताछ की और घटना की जानकारी मिलने पर पति को बुलाकर गोला का मंदिर थाने पहुंचे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित