जहानाबाद/अरवल , मार्च 23 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि वर्ष 2005 से पहले जहानाबाद और अरवल में नक्सलियों का खौफ इतना था कि शाम के पांच बजे के बाद यहां तत्कालीन मुख्यमंत्री भी ठहरने से डरते थे, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासन में लाल सलाम का पूरी तरह अंत कर दिया गया है।

उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान जहानाबाद के गांधी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न्याय यात्रा, प्रवास यात्रा, विकास यात्रा, प्रगति यात्रा और अब समृद्धि यात्रा के माध्यम से बिहार के विकास की मजबूत नींव रखी है।उन्होंने कहा कि पहले पटना से जहानाबाद पहुंचने में घंटों लगते थे, जबकि आज यह दूरी महज 40 मिनट में तय की जा रही है। अब लोग रात में भी बेफिक्र होकर यहां घूमते हैं।

श्री चौधरी ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में बुनियादी सुविधाओं का गंभीर अभाव था। स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाएं पर्याप्त नहीं थीं। उस समय सड़कों की स्थिति इतनी खराब थी कि कहा जाता था कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क। उस दौर में राज्य में केवल छह हजार किलोमीटर सड़कें थीं, जो अब बढ़कर करीब एक लाख 40 हजार किलोमीटर हो गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित