शुजालपुर , नवम्बर 08 -- मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में शुजालपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर टपका बसंतपुर गांव में रविवार सुबह कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद हिंसक संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के बीच पथराव, फायरिंग और मारपीट हुई। घटना में महिलाओं और बच्चों सहित 26 लोग घायल हो गए। घायलों में एक 90 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल 39 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पहले पक्ष के इलियास अली (37) ने शिकायत में बताया कि रविवार सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने पिता की कब्र पर दुआ पढ़ने कब्रिस्तान गया था। आरोप है कि वहां दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे रोकते हुए कब्रिस्तान आने पर आपत्ति जताई और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद विवाद बढ़ गया। इलियास के अनुसार, उसके भाई इफराक अली के पहुंचने पर बिन्यामिन और दिलशाद ने लाठियों से हमला किया। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत में लाठी, डंडे, फरसा, तलवार और लोहे की रॉड से हमला करने, दो मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

दूसरे पक्ष के फरियादी रिजवान (32) ने आरोप लगाया कि इलियास, इफराक और उनके साथ आए लोग हथियार लेकर उनके घर में घुस गए। रिजवान के अनुसार, उस पर तलवार से हमला किया गया, जबकि उसके पिता शाहबुद्दीन और परिवार के अन्य सदस्यों को फरसा, लाठी और पत्थरों से पीटा गया। शिकायत में घर के सामान, दरवाजे, ट्रैक्टर और दो मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ तथा उसकी बहू सिमरन का मंगलसूत्र तोड़ने का आरोप भी लगाया गया है।

घटना में पहले पक्ष के 11 और दूसरे पक्ष के 15 लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों के घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गांव में करीब 1.75 बीघा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद बताया जा रहा है। एक पक्ष ने जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने जमीन से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी की शिकायत की है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित