श्रीगंगानगर , मई 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर थाना क्षेत्र के नूरपुरा गांव में पुलिस ने रविवार शाम कबूतरों पर खुलेआम चल रही सट्टेबाजी पर छापेमारी करके 11 व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इनके कब्जे से तीन खाली पिंजरे बरामद किये गये, जबकि पालतू कबूतर पहले ही उड़ चुके थे।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि शाम करीब सात बजे उन्हें सूचना मिली कि नूरपुरा गांव के तालाब के पास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे होकर कबूतरों की ऊंची उड़ान पर सट्टा लगा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस दल ने मौके पर जाकर छापेमारी की। उनके वहां पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गयी। सट्टेबाजी में शामिल कई लोग भाग निकलने में सफल हो गये, जबकि तमाशा देखने वाले ग्रामीण भी इधर-उधर खिसक गये। इनके पास से मात्र 2050 रुपये नगद बरामद हुए। सभी आरोपियों को बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया।
सट्टेबाजों और दर्शकों की संख्या काफी अधिक थी, लेकिन पुलिस बल कम होने के कारण सभी को पकड़ना संभव नहीं हो सका। आसपास के कई गांवों और खासकर पंजाब-हरियाणा से आये लोग भी इस सट्टेबाजी में शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि कबूतरों की ऊंची उड़ान पर राजस्थान के श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिलों से लगते पंजाब के फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और हरियाणा के सिरसा-फतेहाबाद क्षेत्रों में ऐसी सट्टेबाजी आम है। यहां पालतू कबूतरों को विशेष प्रशिक्षण देकर लंबे समय तक ऊंची उड़ान भरने के लिए तैयार किया जाता है। फिर इनका मुकाबला करवाया जाता है, जिस कबूतर की उड़ान ज्यादा लंबी और ऊंची होती है, उसे विजेता घोषित करके बड़ी राशि का दांव उसके मालिक को दे दिया जाता है।
आयोजक इसमें से अपना कमीशन काट लेता है। ऐसे मुकाबले ज्यादातर रविवार को ग्रामीण इलाकों में आयोजित होते हैं, लेकिन पुलिस को इनकी सूचना कम ही मिल पाती है। नूरपुरा की यह कार्रवाई भी उसी श्रृंखला में एक मामला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित