कवर्धा , अप्रैल 23 -- ) छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक लाचार पति अपनी बीमार पत्नी को बाइक पर खाट बांधकर इलाज के लिए दर-दर भटकता रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोड़ला विकासखंड के नागवही गांव निवासी समलु मरकाम पिछले करीब एक वर्ष से अपनी पत्नी को इसी जुगाड़ व्यवस्था के सहारे अस्पतालों और सरकारी दफ्तरों तक ले जा रहा है, लेकिन अब तक उसे कोई ठोस सहायता नहीं मिल सकी है।

समलु मरकाम अपनी पत्नी को बाइक से खाट पर बांधकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा और आर्थिक मदद की गुहार लगाई। तेज धूप और कठिन परिस्थितियों के बावजूद वह पत्नी को लेकर कलेक्टर कार्यालय के बाहर सहायता के इंतजार में खड़ा रहा।

मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर गोपाल वर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई और बीमार महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी समलु मरकाम का अपनी पत्नी को खाट पर बाइक से ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस पर संज्ञान लेते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की थी, हालांकि यह राशि इलाज के लिए पर्याप्त नहीं हो सकी।

लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति और आर्थिक तंगी के कारण यह परिवार गहरे संकट में है और अब भी स्थायी सहायता की प्रतीक्षा कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित