कवर्धा , अक्टूबर 17 -- छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बैगा आदिवासी बाहुल्य ग्राम नंदनी कुमान में चार महीने के भीतर पांच बच्चों की मौत के मामले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सात सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। समिति प्रभावित गांव का दौरा कर बच्चों की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाएगी और अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।

प्रदेश कांग्रेस नेताओं से आज मिली जानकारी के अनुसार कमेटी की ओर से जारी पत्र के अनुसार, मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी को जांच समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है। समिति में विधायक सावित्री मंडावी, जनक ध्रुव और हर्षिता स्वामी बघेल के अलावा पूर्व विधायक भानूप्रताप सिंह, ममता चंद्राकर और कवर्धा जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल को सदस्य बनाया गया है।

कांग्रेस ने समिति को जल्द से जल्द प्रभावित गांव पहुंचकर मामले की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान समिति मृत बच्चों के परिजनों, बैगा जनजाति के प्रभावित परिवारों, स्थानीय ग्रामीणों और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत करेगी। इसके आधार पर तैयार रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि कबीरधाम जिले के रेंगाखार वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम नंदनी कुमान में पिछले चार महीने के दौरान पांच बच्चों की मौत की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अतिरिक्त गांव के करीब 16 बच्चों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली है। इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों में बच्चों के स्वास्थ्य और संभावित बीमारी को लेकर चिंता बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित