कवर्धा , अप्रैल 04 -- ) छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बीती रात आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना पिपरिया थाना क्षेत्र के मिरमिटी गांव की है। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के हर्राटोल (थाना मोतीनाला) निवासी नेन सिंह धुर्वे के रूप में हुई है, जो भेड़ व्यापारियों के साथ मजदूरी का कार्य करता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को वह अन्य साथियों के साथ पशुओं को चराने के लिए खेत की ओर गया था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। बारिश से बचने के लिए नेन सिंह पास के एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया।

इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद वहां मौजूद अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गयी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित