कबीरधाम , जुलाई 22 -- छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के लोखान गांव के आठ वर्षीय बालक कमलेश तिलगाम का शव करीब 15 घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद बुधवार को आगर नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को कमलेश तिलगाम अपने दोस्तों के साथ खेलकर घर लौट रहा था। इस दौरान कड़मा नदी पार करते समय वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही कुकदूर थाना पुलिस तथा स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से उसकी तलाश शुरू की।

लगातार चले खोज अभियान के बाद बुधवार को घटना स्थल से लगभग सात किलोमीटर दूर कमड़ा गांव के पास आगर नदी में झाड़ियों के बीच बालक का शव फंसा मिला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कुकदूर थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित