रायपुर , सितंबर 14 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम मुड़घुसरी में 1.48 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तीन सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। कुल 15.40 किलोमीटर लंबी इन सड़कों से बैगा बहुल वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
सोमवार को प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुड़घुसरी से ठाकुरटोला तक 3.30 किलोमीटर, ठाकुरटोला से बांटीपथरा तक चार किलोमीटर और सिंघारी से पांडातराई तक 8.40 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। इन मार्गों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने के साथ आर्थिक गतिविधियों और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। बेहतर सड़क सुविधा से विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और अन्य ग्रामीणों को आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान शर्मा ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी मांगों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने गांवों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली तथा पात्र ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, बोड़ला नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित