बैतूल , मार्च 8 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में इटारसी रोड स्थित एक कबाड़ गोदाम में रविवार रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा प्लास्टिक, रबर, टायर और वाहनों का स्क्रैप जलकर राख हो गया। दमकल की कई गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार इटारसी रोड पर बसंत पेट्रोल पंप के आगे स्थित रसीद नामक कबाड़ी की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और कुछ ही देर में धुएं और लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग सबसे पहले दुकान के अंदर से उठती दिखाई दी और देखते-देखते पूरे कबाड़ के ढेर में फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बैतूल, बैतूल बाजार और शाहपुर से फायर ब्रिगेड की तीन से चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक गोदाम में रखा अधिकांश कबाड़ जलकर नष्ट हो चुका था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से कबाड़ी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित