राजनांदगांव , अक्टूबर 01 -- छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव की गंज मंडी में सब्जी बेचने वाले प्रभात सोनकर (28) अपनी कला और गणेश उत्सव के दौरान तैयार की गई 'कांतारा' थीम की जीवंत झांकी को लेकर चर्चा में हैं।
साधारण और अनुपयोगी सामग्री से तैयार झांकी के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद प्रभात की कला को व्यापक सराहना मिल रही है।
बचपन से झांकियां बनाने में रुचि रखने वाले प्रभात पिछले करीब पांच वर्षों से स्वयं इस कला से जुड़े हुए हैं। इस बार उन्होंने अभिनेता ऋषभ शेट्टी की चर्चित फिल्म 'कांतारा' से प्रेरणा लेकर भूत कोला सहित फिल्म के विभिन्न किरदारों को झांकी के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रभात सोनकर ने 'यूनीवार्ता' को बताया कि उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती झांकी को केवल मूर्तियों तक सीमित रखने के बजाय किरदारों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने की थी। इसके लिए उन्होंने गन्ने के छिलके, अनुपयोगी कपड़े, जूट और थर्मोकोल जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया। मूर्तियों में विशेष प्रकार की गतिविधि और स्वयं प्रभात के अभिनय ने झांकी को अलग स्वरूप दिया।
उन्होंने बताया कि झांकी को तैयार करने में उनकी 15 से 20 सदस्यों की टीम ने करीब 10 से 12 महीने तक काम किया। राजनांदगांव के बाद डोंगरगांव में भी इसका प्रदर्शन किया गया। झांकी के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद 'कांतारा' और अभिनेता ऋषभ शेट्टी के प्रशंसकों के बीच भी इसकी चर्चा हुई।
प्रभात के मुताबिक झांकी तैयार करने के दौरान बढ़ती लागत और सीमित संसाधन बड़ी चुनौती रहे, लेकिन टीम ने उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर इसे पूरा किया। गंज मंडी में सब्जी बेचकर आजीविका चलाने वाले प्रभात की यह कला अब उनकी अलग पहचान बन रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित