चंडीगढ़ , मई 04 -- संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने केंद्रीय एजेंसियों और त्रिपुरा पुलिस के साथ सुनियोजित संयुक्त अभियान में 15 दिसंबर 2025 को गांव सोहाना, सेक्टर-79, एसएएस नगर में हुए चर्चित कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया हत्याकांड के एक शूटर आदित्य उर्फ माखन को अगरतला, त्रिपुरा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस सुनियोजित हत्या को अंजाम दिया था। उसके अन्य साथियों को पहले ही एजीटीएफ द्वारा कोलकाता से गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि यह आरोपी अब तक फरार होकर गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।
श्री यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध के खिलाफ अपनी शून्य-सहनशीलता नीति दोहराती है और सुरक्षित तथा संरक्षित पंजाब सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पंजाब पुलिस विदेशों में बैठे या भारत के किसी भी हिस्से में छिपे आरोपियों का पीछा करेगी, ताकि उन्हें उनके कृत्यों के लिए कानून के कटघरे में लाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित