पटना , अप्रैल 24 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने कफ सिरप तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी, परिचय कुमार ने शुक्रवार को बताया कि गुरूवार को चित्रगुप्तनगर थाना को सूचना प्राप्त हुई कि एक अपराधी द्वारा ऑटो के माध्यम से प्रतिबंधित कफ सिरप का अवैध परिवहन किया जा रहा है।सूचना के आधार पर बहादुरपुर एवं चित्रगुप्तनगर थाना द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई, जिसमें उक्त ऑटो से लगभग पांच कार्टन प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर रामकृष्णानगर थानाक्षेत्र अंतर्गत खेमनीचक स्थित एक मकान से 30 कार्टन तथा दीदारगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत कोठिया स्थित एक गोदाम से 84 कार्टन प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद कर किया गया।
श्री कुमार ने बताया कि इसी क्रम में एक अन्य कार्रवाई में,मद्य निषेध विभाग से प्राप्त सूचना के आधार पर चौक थानांतर्गत जालान स्कूल, पटना के समीप स्थित एक मकान में अवैध रूप से प्रतिबंधित कफ सिरप के भंडारण की सूचना पर त्वरित छापेमारी की गई।छापेमारी के दौरान 84 कार्टन (लगभग 1,250 लीटर) प्रतिबंधित कोडीन सिरप बरामद किया गया तथा भंडारण में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
उपरोक्त दोनों मामलों में कुल मिलाकर 28,630 बोतल (लगभग 2,863 लीटर) प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रूपये आंकी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित