कपूरथला , अगस्त 31 -- पंजाब में कपूरथला मॉडर्न जेल की बैरक नंबर दो में रविवार शामको किसी अज्ञात मुद्दे को लेकर कैदियों के दो गुटों के बीच हुई झड़प में दो कैदी घायल हो गये। जेल प्रशासन की शिकायत पर कोतवाली कपूरथला पुलिस ने 18 कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जेल प्रशासन की ओर से सोमवार को पुलिस को दी शिकायत के अनुसार बैरक नंबर दो में तैनात वार्डर जरनैल सिंह ने अधिकारियों को सूचना दी कि कुछ कैदी आपस में मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही जेल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप करते हुए दोनों गुटों को अलग किया। न्यूनतम बल का इस्तेमाल कर स्थिति पर काबू पा लिया गया।

झड़प के दौरान परमबीर सिंह और प्रेम नामक दो कैदी घायल हो गये। शिकायत के अनुसार परमबीर सिंह के सिर और उंगली पर चोट लगी, जबकि प्रेम के शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। दोनों को तत्काल जेल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक उपचार दिया। बाद में बेहतर उपचार और मेडिको-लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) तैयार कराने के लिए दोनों को सिविल अस्पताल कपूरथला रेफर किया गया।

जेल प्रशासन ने घटना में शामिल होने के आरोप में 18 कैदियों के नाम पुलिस को दिए हैं। इनमें एक गुट में भूपिंदर सिंह, जग रूप सिंह, सुखमंदीप सिंह, इंदरजीत सिंह, साहिल सहोता, राहुल गिल, गुरप्रीत सिंह, जुगेश कुमार, जशनप्रीत सिंह, मनजिंदर सिंह, अमृतपाल सिंह, अर्शदीप सिंह, गगनदीप सिंह और मार्शल कंडा शामिल बताए गए हैं। दूसरे गुट में बूटा सिंह, साहिल वशिष्ट, परमबीर सिंह उर्फ नानक और प्रेम के नाम शामिल हैं।

जेल प्रशासन ने आरोप लगाया है कि कैदियों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट कर जेल परिसर में अपराध किया और जेल नियमों का उल्लंघन किया। शिकायत के आधार पर पुलिस से कारागार अधिनियम, 2026 की धारा 44(2) के तहत कार्रवाई की मांग की गयी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कोतवाली कपूरथला थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई गुरदेव सिंह को सौंपी गयी है। पुलिस झड़प के कारणों और मामले में नामजद 18 कैदियों की कथित भूमिका की जांच कर रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित