कपूरथला , अक्टूबर 18 -- पंजाब के कपूरथला के उपायुक्त आकाश बंसल ने रविवार को बताया कि जिले में अब तक 4,25,853 टन धान की खरीद की जा चुकी है और किसानों को इसके बदले 986.29 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। जिले की मंडियों में कुल 4,36,835 टन धान पहुंचा है।

खरीद व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मंडियों से खरीदे गए धान का उठान तेज करने और किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। श्री बंसल ने कहा कि प्रशासन किसानों की उपज की सुचारु और निर्बाध खरीद सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है। पंजाब सरकार भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार खरीद, समय पर भुगतान और धान उठान की नियमित निगरानी कर रही है।

उपायुक्त ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को मंडियों से खरीदे गए धान को समय पर उठाने और मंडियों को जल्द खाली कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीद प्रक्रिया में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

श्री बंसल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की उपज की निर्धारित मानकों के अनुसार खरीद, समय पर भुगतान और जिले की सभी अनाज मंडियों का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित