फगवाड़ा , अगस्त 28 -- पंजाब में कपूरथला जिले के काला संघियां में एक हार्डवेयर कारोबारी कथित साइबर ठगी का शिकार हो गया और उसके बैंक खाते से करीब 46 हजार रुपये निकाल लिये गये। पीड़ित गुरदौर सिंह बस्सन ने दावा किया कि लेन-देन के दौरान उसे कोई ओटीपी या सत्यापन संदेश प्राप्त नहीं हुआ। गुरदौर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि वह मोबाइल फोन पर फेसबुक चला रहा था, तभी स्क्रीन पर फोन अपडेट करने से संबंधित एक विकल्प दिखाई दिया। उसने उस पर तुरंत कोई कार्रवाई नहीं की और मोबाइल फोन एक तरफ रख दिया। कुछ समय बाद मोबाइल फोन की स्क्रीन काली हो गयी। बाद में गूगल पे से पैसे भेजने की कोशिश करने पर उसे खाते से करीब 46 हजार रुपये निकाले जाने का पता चला। पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के साथ कपूरथला साइबर क्राइम सेल से भी संपर्क किया, लेकिन उसके अनुसार अभी तक राशि वापस नहीं मिली है। उसने संबंधित केनरा बैंक शाखा से भी संपर्क किया, जहां कथित तौर पर बताया गया कि रकम अरनव शर्मा, पुत्र विवेकानंद शर्मा के नाम वाले खाते में गयी है। बैंक से उसे उक्त व्यक्ति का पूरा पता नहीं मिल सका। गुरदौर सिंह ने डिजिटल बैंकिंग की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए मामले की जांच कर राशि बरामद कराने की मांग की है। क्षेत्र के दुकानदारों ने भी बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए पुलिस और साइबर क्राइम सेल से मामले की गहन जांच तथा दोषियोंके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित