कपूरथला , अक्टूबर 21 -- पंजाब के कपूरथला जिले में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी उनकी कुल संख्या 805 पर बरकरार रहेगी। जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त आकाश बंसल ने बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रस्तावित मतदान केंद्रों को अंतिम रूप दिया। इस दौरान प्रतिनिधियों से सुझाव और आपत्तियां मांगी गईं, लेकिन किसी ने कोई आपत्ति नहीं जताई और प्रस्तावित व्यवस्था पर सहमति दे दी।अंतिम व्यवस्था के अनुसार, भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र में 175, कपूरथला में 195, सुल्तानपुर लोधी में 208 और फगवाड़ा (अनुसूचित जाति) क्षेत्र में 227 मतदान केंद्र होंगे।
बैठक में बताया गया कि कपूरथला, सुल्तानपुर लोधी और फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्रों के कुछ मतदान केंद्रों के अनुभागों, भवनों और नामों में बदलाव किए गए हैं। कोई नया मतदान केंद्र नहीं बनाया गया है और जिले में कुल संख्या 805ही रहेगी।
बैठक में कांग्रेस के परमिंदर सिंह और मलकीत सिंह, आम आदमी पार्टी के परविंदर सिंह धोत, बहुजन समाज पार्टी के जसवंत सिंह और राकेश कुमार तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के बलदेव सिंह और अमरीक सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित